शुक्रवार, 22 जनवरी 2010

जैसे....

छुअन से तेरी नजरो की,दहक उठे मेरे , रुखसार जैसे
हया से झुक गयी पलकें ,किया बेलफ्ज़ हो, इज़हार जैसे

थी किसकी हसरतें जाने,अज़ल से मुन्तजिर दिल में
मुक्कमल हो गया ,आने से तेरे, इंतज़ार जैसे

तब्बस्सुम आज हैं लब पर,अदाओं में भी शोखी है
था मुरझाया मुद्दतों दिल, रहा था, सोगवार जैसे

बुझाई है घटा बन के ही मैंने, तिश्नगी सबकी
भिगो दो अब तुम्ही मुझको,हो कोई , आबशार जैसे

समझ लो ना यूँही जानां ,कहानी झुकती नज़रों की
कि दिल करता है हर लम्हा ,उसी का , इश्तिहार जैसे

बुधवार, 20 जनवरी 2010

अनुभूति-शून्यता की


स्थिर उस क्षण का हो जाना
सिमट गया संसार वहीं तब
मुझमें तू और तुझमें हूँ मैं
घटित हुआ अद्वैत यहीं जब

हुआ पुष्प सा तन मन अपना
जड़ता कहीं ना थी भावों में
उत्कंठा भी प्रिय मिलन की
शांत हुई,कसती बाँहों में
हस्ती मिट गयी तेरी मेरी
'मैं' बाकी रह जाता है कब
मुझमें तू और तुझमें मैं हूँ
घटित हुआ अद्वैत यहीं जब......

परम शांति,चहुँ दिशा में
शंख ध्वनि सी थी गुंजारित
देव भी जैसे स्वर्गलोक से
करते स्नेह मन्त्र उच्चारित
विलय हुआ शक्ति में शिव का
पूर्ण किया वर्तुल हमने जब
मुझमें तू और तुझमें मैं हूँ
घटित हुआ अद्वैत यहीं जब......

पूर्ण ऊर्जा नर नारी की
हुई केन्द्रित उर-स्थल में
घटित हो गया ध्यान उसी क्षण
परम शून्य बस था उस पल में
पुरुष -प्रकृति, मिल कर दोनों
प्रेम हो गए ,बाकी क्या अब
मुझमें तू और तुझमें मैं हूँ
घटित हुआ अद्वैत यहीं जब......

जिस्मों का अस्तित्व मिट गया
मिली जो रूहें उनसे हो कर
समा गया विराट उन्ही में
हुए विलीन वो निज को खो कर
परम आत्मा से जुड़ने का
अनुभव हमने जाना है अब
मुझमें तू और तुझमें मैं हूँ
घटित हुआ अद्वैत यहीं जब......

उनींदी--(आशु रचना )


था वो एक ख्वाब
या हकीकत थी
उनींदी आँखों में
उतर आये थे तुम
सपना बन कर
संजो कर
छवि को तेरी
पलकों से
ढक लिया
था मैंने
कितना आसान
हो गया है
देखना तुमको
जब चाहूँ
पलकें मूँद लेती हूँ

सोमवार, 18 जनवरी 2010

१८/०१/२०१०-शादी की सालगिरह पर ..अतुल के लिए

दिल में बसे हो गहरे हमनवा हो तुम
सफ़र -ए -ज़िन्दगी के रहनुमा* हो तुम

गुज़रे हैं साथ तेरे ,कितने खिज़ा- बहारें
दिल के खिले गुलों के गुलिश्तां हो तुम.

ना है कसमें-वादे, प्यार है इबादत दिल की
सजदों के खातिर जिंदा मुज्जस्मा हो तुम

दिन सोने से दमकते है, रातें हैं चांदनी सी
सुकूं- ए-दिल जहां है ,वो आसमां हो तुम

नामों से नहीं होता मुक्कमल* कोई रिश्ता
रिश्तों कि हकीक़त के आब-ए-रवां* हो तुम

बिन कहे समझते हम, दिलों की कितनी बातें
लफ़्ज़ों की नहीं ज़रुरत, मेरे हमज़ुबां हो तुम

झुकती है परस्तिश* में, ज़बीं खुदा के आगे
मुझको मिला खुदा से,हसीं अर्मुगां* हो तुम

meanings-

रहनुमा-राह बताने वाला
मुज्जस्मा-मूरत
मुक्कमल-पूर्ण
आब-ए-रवां= बहता पानी
परस्तिश-पूजा
ज़बीं-माथा
अर्मुगां - तोहफा /उपहार

रविवार, 17 जनवरी 2010

'उद्यान'---(आशु रचना )

वो कली से
फूल बनता
गुलाब,
वो जूही की
लचीली डाली
साँसों को महकाता
बेला,
चंपा पर बैठी
तितली
घास पर
बिछी चादर
हरसिंगार की
ओस की छुअन
कोयल की कुहू
होता है सब
अलग सा क्यूँ
अब 'उद्यान' में !!!!!

शनिवार, 16 जनवरी 2010

दरिया-ए -मस्सर्रत

बह चला
दिल से
जिस लम्हा,
रुका हुआ
दरिया-ए-मसर्रत
खिल उठे
सूखे हुए लब ,
हो गयी
गुलज़ार
सांसें....
भर गए
सब ज़ख्म ,
रिसते थे
जो
जब तब,
बह गयी
संग धार के
अटकी थी
मन में
जो फांसे .......

कोंपल

फूटी है उस शाख पर
फिर से कोंपलें
कोमल ,नाज़ुक,
ताज़गी का
एहसास लिए
जीवन की
शुरुआत लिए
सूनी पड़ी थी शाख
पतझड़ के बाद
छुआ बसंत ने
सत्व रगों में बहता
जीवन क्रम
हर जीवन का
यही है कहता
कोंपल बनेगी पत्ते
धूप बारिश
हवा शीत को
सहते हुए
पहुंचेगी
परिपक्वता को
झड जायेंगे पत्ते
देने स्थान
नयी कोंपल को
जीवन रस है
शाख में जब तक
फूटती रहेगी
कोंपल उस पर
हर बसंत के
आगमन पर