शनिवार, 19 नवंबर 2022

कभी ना बिछड़ने के लिए .....


######## 

मूँदते ही पलक

खिल उठते हैं 

गुलाबी फूलों से सपने 

मदिर मधुर एहसास 

होने का तेरे

उतर आता है

वजूद में मेरे

हो जाती हूँ मैं खुद

चमन ही

होती है जब महसूस 

तितलियों सी कोमल

छुअन तेरी....


कुछ बेरंग फूल भी हैं 

मेरे अहम और गैर महफ़ूज़ियत के

जो हो रहे हैं रँगीं 

पा कर हर लम्हा

दिलो ज़ेहन में तुझको 

बेमानी हैं सरहदें और दूरियां

बिखरा है रंगे मोहब्बत हरसू 

घुल कर जिसमें 

हो गए हैं हम एक 

कायनात से

ख़ुदा से 

और

खुद से 

मिल गए हैं फिर

कभी ना बिछड़ने के लिए ....

रविवार, 6 नवंबर 2022

कभी तो...!!!!!


##########


उतरा था एक साया 

रूह की गहराइयों में

नज़र की शुआओं से

छलक जाए

कभी तो.....!!


उतर आई है नफ़स में

मौसिकी उसकी ,

ख़ुमार हस्ती पे गर 

तारी हो जाए

कभी तो....!!


थिरकती है धड़कन उसकी,

दिलों की ताल पर

वजूद उसके में 

मेरा अक्स 

झलक जाए

कभी तो....!!


यादों के दरीचों से 

सुनी है

बिसरी सी धुन कोई 

उसके ज़ेहन पे भी 

वो छा जाए

कभी तो ....!!


तलाशती हूँ एक खोया मिसरा

सुरों की बंदिश में,

हो जाये ग़ज़ल पूरी

हर्फ़ अपने वो

लिख जाए

कभी तो....!!


मायने:

शुआओं-रोशनी

नफ़स-साँस

मौसिकी-संगीत

ख़ुमार-नशा

दरीचों-खिड़कियों

मिसरा-शेर की एक पंक्ति